Edited By Vijay, Updated: 21 Jul, 2023 05:28 PM

पुलिस ने करोड़ों रुपए का घोटाला करने वाले हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के पूर्व प्रबंधक राजपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। राजपाल सिंह ऊना जिले के चलोला गांव का रहने वाला है।
नालागढ़ (सतविन्द्र): पुलिस ने करोड़ों रुपए का घोटाला करने वाले हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के पूर्व प्रबंधक राजपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। राजपाल सिंह ऊना जिले के चलोला गांव का रहने वाला है। आरोपी ने नालागढ़ में वर्ष 2011 व 2013 के दौरान इस घोटाले को अंजाम दिया था। उसे वर्ष 2016 में निलंबित कर दिया गया था। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक ने मामला दर्ज कराया था लेकिन यह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था।
नालागढ़ के अतिरिक्त थाना प्रभारी अशोक राणा ने मामले की छानबीन करते हुए ऊना के चलोला गांव में डेरा डाला। 5-6 दिन की छानबीन के बाद उसके गांव से किसी से उसका मोबाइल नंबर लिया और उसके बाद पता चला कि वह ऊना की लक्कड़ कालोनी में रह रहा है। पुलिस लक्कड़ कालोनी में किसी तरह से उसे काबू करने में सफल रही। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस इस घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए सबूत जुटाएगी।
डीएसपी प्रियांक गुप्ता ने बताया कि राजपाल सिंह ने नालागढ़ में बैंक प्रबंधक की शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए ऋण देकर 5 करोड़ 11 लाख रुपए का घोटाला किया था। वर्ष 2019 में आरोपी के खिलाफ पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था लेकिन यह कहीं पर नहीं मिल रहा था। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here