Edited By Vijay, Updated: 19 Nov, 2023 10:25 PM

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हमें समाज में बदलाव लाने की आवश्यकता है। उन्हें समाज में न्यायपूर्ण और समान अवसर प्रदान करने होंगे, ताकि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सकें।
शिमला (अभिषेक): राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हमें समाज में बदलाव लाने की आवश्यकता है। उन्हें समाज में न्यायपूर्ण और समान अवसर प्रदान करने होंगे, ताकि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सकें। राज्यपाल रविवार को सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित सुनील उपाध्याय की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य पर महिला सशक्तिकरण : भारतीय दृष्टिकोण विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एक ऐसा विषय है, जिसकी चर्चा करना एवं इसे ठीक प्रकार से कार्यान्वित करना आज समाज व राष्ट्र की आवश्यकता है। इस अवसर पर कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि मोनिका अरोड़ा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा तथा सचिव प्रो. सुरेंद्र शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया।
शहरी क्षेत्रों की महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की अपेक्षा अधिक रोजगारशील
राज्यपाल ने कहा कि भारत के शहरी क्षेत्रों की महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की अपेक्षा अधिक रोजगारशील हैं। आंकड़ों के अनुसार भारत के शहरों में सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में लगभग 30 प्रतिशत महिलाएं कार्य करती हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 90 फीसदी महिलाएं मुख्यत: कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में दैनिक मजदूरी करती हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है लेकिन इसे हम तभी बरकरार रख सकते हैं, जब हम लैंगिक असमानता को दूर कर पाएं और महिलाओं के लिए भी पुरुषों की तरह समान शिक्षा, तरक्की और भुगतान सुनिश्चित कर सकें।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
राज्यपाल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं के खिलाफ होने वाली लैंगिक असमानता और बुरी प्रथाओं को हटाने के लिए सरकार द्वारा कई संवैधानिक और कानूनी अधिकार बनाए और लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कानून के अमल में आने के बाद लोकसभा और विधानसभा में बहुत कुछ बदल जाएगा।
महिलाओं को किया सम्मानित
संगोष्ठी कार्यक्रम में समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली और देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाली 4 महिलाओं को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया। इनमें ज्योति (महिला खेल जगत), पुष्पा (महिला खेल जगत), स्नेहलता (महिला उद्यमी) और डाॅ. तारा देवी (समाजसेवा) को इस कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट शिमला द्वारा इसके अलावा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर व रक्तदान शिविर भी लगाया गया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here