Una: मां चिंतपूर्णी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए पावन पिंडी के दर्शन

Edited By Vijay, Updated: 15 Mar, 2026 05:53 PM

flood of faith in chintpurni temple

विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में ज्येष्ठ माह के रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और बाजार में पूरा दिन श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल देखने को मिली।

चिंतपूर्णी (राकेश): विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में ज्येष्ठ माह के रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और बाजार में पूरा दिन श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल देखने को मिली। रविवार के दिन लगभग 23,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने मां की पावन पिंडी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भीड़ का आलम यह था कि सुबह मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं, जो सुबह 11 बजे तक माधो टीला तक जा पहुंचीं।

बारिश में भी नहीं डिगी आस्था, लाइनों में खड़े रहे श्रद्धालु
दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण पूरे दिन मौसम में ठंडक बनी रही और घने बादल छाए रहे। इस बारिश ने श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि तेज बारिश में भी श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगी। वे बिना किसी छाते या सहारे के लाइनों में खड़े रहे और अपनी बारी का शांतिपूर्वक इंतजार करते रहे।

भीड़ के कारण बंद करना पड़ा पास काऊंटर
रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया। मंदिर परिसर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए एहतियात के तौर पर बाबा श्री माईदास सदन में स्थापित पास काऊंटर को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

तीसरी आंख का रहा पहरा, ट्रैफिक पुलिस भी दिखी मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। मंदिर परिसर और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऑप्रेटरों द्वारा चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी असामाजिक या शरारती तत्व की गतिविधि को रोका जा सके। वहीं, ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाले रखा। बाईपास और अन्य चिन्हित स्थानों पर लगातार पैट्रोलिंग की गई, जिससे स्थानीय लोगों और बाहर से आए श्रद्धालुओं को जाम का सामना नहीं करना पड़ा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम : अजय मंडियाल
श्रद्धालुओं की भीड़ और व्यवस्थाओं के संबंध में मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि पंजाब और अन्य पड़ोसी राज्यों में छुट्टियां होने के कारण शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा, आगामी चैत्र नवरात्रों के आगमन को लेकर भी भक्तों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बारिश के दौरान गेट नंबर-1 पर सुरक्षा कर्मचारियों ने बेहतरीन तरीके से भीड़ को नियंत्रित कर लाइन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। अजय मंडियाल ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन ही मंदिर प्रशासन का प्रथम लक्ष्य है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!