Edited By Vijay, Updated: 12 Mar, 2026 07:10 PM

मंडी जिले के उपमंडल सरकाघाट के तहत आने वाली ग्राम पंचायत भरनाल के गांव नाला रा गैहरा में वीरवार को एक दोमंजिला मकान में अचानक भयंकर आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
बल्द्वाड़ा/मंडी (नरेश): मंडी जिले के उपमंडल सरकाघाट के तहत आने वाली ग्राम पंचायत भरनाल के गांव नाला रा गैहरा में वीरवार को एक दोमंजिला मकान में अचानक भयंकर आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में घर के अंदर रखा सामान और मकान की छत जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि जिस समय आग भड़की, उस वक्त घर के अंदर कोई सदस्य मौजूद नहीं था और ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार यह दोमंजिला मकान नाला रा गैहरा गांव के निवासी सुभाष पुत्र कर्म सिंह का है। घटना के वक्त घर पर ताला लगा हुआ था। मकान मालिक सुभाष अपने रोजमर्रा के कामकाज के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी गऊशाला में काम कर रही थीं। इसी बीच अचानक घर से धुआं उठने लगा। आसपास के लोगों ने जब सुभाष के घर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर दौड़ पड़े और अपने स्तर पर पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए, लेकिन लकड़ी का काम होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया।
घटना के दौरान ग्रामीणों ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया। ग्रामीणों को पता था कि घर के अंदर गैस सिलैंडर रखा है। अपनी जान की परवाह किए बिना कुछ ग्रामीणों ने तुरंत घर के अंदर घुसकर उस गैस सिलैंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि आग की लपटें सिलैंडर तक पहुंच जातीं और वह ब्लास्ट हो जाता, तो आसपास के मकानों को भी भारी नुक्सान पहुंच सकता था और जानमाल का बड़ा खतरा पैदा हो जाता। पीड़ित मकान मालिक सुभाष ने बताया कि इस अग्निकांड में उनका लगभग 2 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम हरकत में आ गई। हलका पटवारी (भरनाल) निशांत भाटिया ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और नुक्सान का बारीकी से जायजा लिया। पटवारी निशांत भाटिया ने बताया कि आग से हुए नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है कि सरकार के नियमानुसार उन्हें जल्द से जल्द उचित फौरी राहत और मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here