Edited By Vijay, Updated: 27 Jun, 2025 11:12 AM

बिलासपुर जिला के जबली में स्थित मुक्त कारागार से गुरुवार सुबह फरार हुए एक सजायाफ्ता कैदी को बिलासपुर सदर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नौणी क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिला के जबली में स्थित मुक्त कारागार से गुरुवार सुबह फरार हुए एक सजायाफ्ता कैदी को बिलासपुर सदर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नौणी क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया है। कैदी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। वहीं इस घटना के बाद जेल प्रशासन की लापरवाही भी सवालों के घेरे में आ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कैदी मेहर चंद निवासी गांव संदौली, डाकघर माकड़ी-मार्कंड, तहसील सदर व जिला बिलासपुर के खिलाफ 28 अगस्त, 2015 काे दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें उसे दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई थी। तब से वह बिलासपुर के जबली स्थित मुक्त कारागार में सजा काट रहा था।
इस तरह भागा कैदी
गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कैदी मेहर चंद बैरक में सफाई कार्य पूरा करने के बाद जेल हैड सुपरवाइजर के साथ जेल परिसर के बाहर कूड़ा फैंकने के लिए निकला था। इसी दौरान मौका पाकर वह हैड सुपरवाइजर की नजरों से बचते हुए फरार हो गया। जैसे ही यह बात सामने आई, जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
पुलिस ने चलाया सर्च ऑप्रेशन
सूचना मिलते ही बिलासपुर सदर पुलिस हरकत में आई और एएसपी शिव चौधरी के नेतृत्व में पूरे जिले में नाकेबंदी की गई। विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों को तैनात कर आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली गई। देर शाम कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को सफलता हाथ लगी और नौणी के पास कैदी को धर दबोचा गया। कैदी की गिरफ्तारी में स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार कुछ ग्रामीणों ने संदिग्ध व्यक्ति को पहचान कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे पकड़ने में सफलता मिली।
क्या कहते हैं एएसपी बिलासपुर
एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि फरार कैदी मेहर चंद को नौणी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है और अब उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि उसकी फरारी में किसी की मदद तो नहीं मिली थी।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक