Edited By Vijay, Updated: 17 Mar, 2026 05:27 PM

हिमाचल प्रदेश की सियासत में तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहटों पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करारा प्रहार किया है। उन्होंने राज्य में तीसरे विकल्प की संभावनाओं को सिरे से खारिज करते हुए इसे बिना दूल्हे की बारात करार दिया है।
ऊना (सुरेन्द्र): हिमाचल प्रदेश की सियासत में तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहटों पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करारा प्रहार किया है। उन्होंने राज्य में तीसरे विकल्प की संभावनाओं को सिरे से खारिज करते हुए इसे बिना दूल्हे की बारात करार दिया है। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना किसी मजबूत और कद्दावर चेहरे के राजनीति में इस तरह के मोर्चे कभी कामयाब नहीं होते।
ऊना में पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में ऐसा कोई बड़ा चेहरा नजर नहीं आ रहा है, जिसके इर्द-गिर्द तीसरा विकल्प खड़ा हो सके। उन्होंने कहा कि जब तक मोर्चे का कोई कद्दावर चेहरा नहीं होगा, तब तक ऐसा फ्रंट अपने मुकाम तक नहीं पहुंच सकता। अपने तर्क को मजबूती देने के लिए डिप्टी सीएम ने हिमाचल की राजनीति के इतिहास के पन्ने भी पलटे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले भी तीसरे विकल्प को खड़ा करने के प्रयास हुए हैं, लेकिन उस समय मोर्चे को नेतृत्व देने वाले नेता बेहद कद्दावर थे।
मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय पंडित सुखराम का उदाहरण देते हुए कहा कि पंडित सुखराम ने जब अपना अलग राजनीतिक दल बनाया था, तब उनका एक लंबा और प्रभावशाली राजनीतिक करियर था। वह केंद्र में मंत्री रहे थे और इसी बड़े चेहरे के दम पर उनके दल ने विधानसभा में 5 सीटें जीती थीं। डिप्टी सीएम ने पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ठाकुर रामलाल भी हिमाचल की सियासत का एक बहुत बड़ा चेहरा थे और उनका अपना एक अलग रुतबा था, जिसके चलते लोग उनके साथ जुड़े।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज के समय में ऐसा कोई बड़ा चेहरा सामने नहीं है जो तीसरे मोर्चे की कमान संभाल सके। इसलिए, बिना किसी मजबूत नेतृत्व के हिमाचल में तीसरा मोर्चा खड़ा करने की कवायद पूरी तरह से विफल साबित होगी।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here