Edited By Vijay, Updated: 24 Jul, 2025 07:16 PM

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार सुबह सरकाघाट क्षेत्र में मसेरन के निकट तारंगल में हुई बस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया। हादसे की जानकारी मिलते ही वे तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।
सरकाघाट (महाजन): हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार सुबह सरकाघाट क्षेत्र में मसेरन के निकट तारंगल में हुई बस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया। हादसे की जानकारी मिलते ही वे तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। इस हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत और 21 के घायल होने की पुष्टि हुई है। मृतकों में चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचकर वहां उपचाराधीन घायलों का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया करवाया जाए, साथ ही उन्होंने स्थानीय प्रशासन से भी पीड़ितों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता देने को कहा। इसके बाद मुकेश अग्निहोत्री ने तारंगल में दुर्घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है, जिसके लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की विशेषज्ञ टीम को लगाया गया है। साथ ही, उन्होंने इस गंभीर घटना की मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि बस में कुल 29 लोग सवार थे, जिनमें से कई को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर घायलों को सरकाघाट अस्पताल से स्थानांतरित कर नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय और एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। उपमुख्यमंत्री ने इन दोनों अस्पतालों में पहुंचकर भी घायलों का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक बेहद पीड़ादायक हादसा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्माओं को शांति दे और शोक में डूबे परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार की तरफ से हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए और घायलों को 5-5 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। इस मौके पर सरकाघाट से पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर, मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, उपमंडलाधिकारी स्वाति डोगरा, जल शक्ति विभाग हमीरपुर ज़ोन के मुख्य अभियंता रोहित दुबे और हिमाचल पथ परिवहन निगम के मुख्य महाप्रबंधक पंकज सिंघल समेत कई प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।