Edited By Vijay, Updated: 11 Feb, 2026 03:53 PM

पांवटा साहिब में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह बद्रीपुर चौक (गुरु गोविंद सिंह जी चौक) के समीप एक हृदयविदारक हादसा पेश आया, जिसमें एक महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।
पांवटा साहिब (कपिल): पांवटा साहिब में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह बद्रीपुर चौक (गुरु गोविंद सिंह जी चौक) के समीप एक हृदयविदारक हादसा पेश आया, जिसमें एक महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान शोभना (58) पत्नी राकेश निवासी जग्गा गली, बद्रीपुर के रूप में हुई है।
मंदिर से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शोभना बुधवार सुबह शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। बद्रीपुर चौक पर एक ट्रक रेड लाइट पर खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही ट्रैफिक लाइट ग्रीन हुई, चालक ने ट्रक आगे बढ़ाया। इसी दौरान महिला ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सैंटर रैफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में रोष है। लोगों ने बद्रीपुर चौक पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लचर सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि व्यस्त चौराहों पर यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।