Edited By Vijay, Updated: 22 May, 2025 05:27 PM

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश के विकास और हितों को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश के विकास और हितों को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के साथ बैठक में मुख्यमंत्री सुक्खू ने किशाऊ जलविद्युत परियोजना के वित्तपोषण और हिमाचल के अधिकारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की पूरी लागत भारत सरकार या मुख्य लाभार्थी राज्यों दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को वहन करनी चाहिए, साथ ही रेणुका बांध परियोजना में स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और नि:शुल्क बिजली घटक पर भी विचार करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने जल विद्युत परियोजनाओं को राष्ट्र निर्माण में अहम बताते हुए पर्यावरण और सामाजिक मूल्यों का ध्यान रखते हुए उचित मुआवजा देने की भी मांग की। साथ ही, जल जीवन मिशन के तहत लंबित राशि को जल्द जारी करने का आग्रह किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जेपी नड्डा से की चर्चा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से बातचीत में मुख्यमंत्री ने हिमाचल में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने, आयुष्मान भारत तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन और कैंसर केयर सैंटर के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने अस्पतालों में नवीनतम चिकित्सा तकनीक व उपकरणों की आवश्यकता पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने पहाड़ी राज्यों की कठिन भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं के मानदंडों में ढील देने और लंबित धनराशि जारी करने की मांग की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा और पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती और मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर भी मौजूद थे।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर की फोटो
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ बैठक की फोटो शेयर कर जल संसाधनों के कुशल प्रबंधन और ‘हर घर जल’ योजना को सफल बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकारों के सहयोग को रेखांकित किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here