Edited By Vijay, Updated: 16 Mar, 2024 04:46 PM
केंद्रीय चुनाव आयोग ने लाेकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हिमाचल में लोकसभा चुनाव 7वें चरण में होंगे और 1 जून को वोटिंग होगी। वहीं राज्य में लोकसभा की 4 सीटों के साथ-साथ 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे।
शिमला (ब्यूरो): केंद्रीय चुनाव आयोग ने लाेकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हिमाचल में लोकसभा चुनाव 7वें चरण में होंगे और 1 जून को वोटिंग होगी। वहीं राज्य में लोकसभा की 4 सीटों के साथ-साथ 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे। ये उपचुनाव धर्मशाला, लाहौल-स्पीति, गगरेट, सुजानपुर, बड़सर और कुटलैहड़ विधानसभा सीट के लिए करवाए जाएंगे। इसकी घोषणा मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ की है। बता दें कि इन 6 सीटों पर हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधायक सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, चैतन्य शर्मा, राजेंद्र राणा, इंद्र दत्त लखनपान व देवेंद्र भुट्टो को अयाेग्य घोषित किया है। इन विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉट वोटिंग की थी, जिसके बाद इन्हें विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दे दिया गया। इसलिए अब इनके क्षेत्रों में उपचुनाव होने जा रहा है।
कांग्रेस-भाजपा को करना होगा टिकटों का चयन
चुनाव आयोग की घोषणा के बाद यदि 6 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव करवाए जाते हैं तो उसके लिए कांग्रेस व भाजपा को अपने-अपने प्रत्याशियों का चयन करना होगा। भाजपा उपचुनाव में कांग्रेस के 6 बागियों को चुनाव मैदान में उतारने पर निर्णय ले सकती है। हालांकि भाजपा की तरफ से बागियों को टिकट देने की स्थिति में पार्टी के भीतर आक्रोश भी पनप सकता है। इसके अलावा कांग्रेस को अलग से इन विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों का चयन करना होगा।
बागियों के चुनाव लड़ने पर कोई प्रतिबंध नहीं
कांग्रेस के 6 बागियों के लोकसभा या विधानसभा उपचुनाव लड़ने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने एक सवाल के जवाब में कहा कि 6 बागियों के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध नहीं है लेकिन इस पर अंतिम निर्णय संबंधित एआरओ ले सकते हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here