Edited By Swati Sharma, Updated: 21 Mar, 2026 11:33 AM

Shimla News : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर मशोबरा में शुक्रवार को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे, आर्यन चौहान पर नकाबपोश हमलावरों ने पिस्तौल तानकर जानलेवा हमला किया और उनके अपहरण का...
Shimla News : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर मशोबरा में शुक्रवार को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे, आर्यन चौहान पर नकाबपोश हमलावरों ने पिस्तौल तानकर जानलेवा हमला किया और उनके अपहरण का प्रयास किया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में ढली थाना में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
नकाबपोशों ने घेरी कार
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आर्यन चौहान मशोबरा के तारापुर स्थित एक निजी होटल का प्रबंधन देखते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 1:25 बजे जब वह अपनी कार (HP63C-2626) से शिमला की ओर जा रहे थे, तभी एक सफेद ऑल्टो कार ने फिल्मी अंदाज में उनका रास्ता रोक लिया। कार से दो नकाबपोश युवक उतरे। एक के हाथ में पिस्तौल थी और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने पिस्तौल तानकर आर्यन से नकदी की मांग की और गोली मारने की धमकी देते हुए उन्हें काबू करने की कोशिश की।
खाई में कूदकर जान बचाई
खतरे को भांपते हुए आर्यन ने अपनी कार को तेजी से पीछे की ओर मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ढलान से टकरा गया। जान बचाने के लिए आर्यन कार से बाहर कूदे और किसी तरह वहां से भाग निकले। घायल हालत में वह किसी तरह वापस होटल पहुंचे और परिजनों सहित पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध कार को अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में पाया गया कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। इससे स्पष्ट होता है कि वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया था। हमलावरों की कार का आंशिक नंबर HP-58 नोट किया गया था।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
शिमला पुलिस ने आर्यन चौहान के बयान पर ढली थाना में BNS की धारा 311, 109, 126(2), 351, 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें