Edited By Vijay, Updated: 17 Mar, 2026 07:51 PM

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला शिमला द्वारा सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में हुए पेड़ों के अवैध कटान के विरोध में डीसी कार्यालय शिमला के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया।
शिमला (अम्बादत): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला शिमला द्वारा सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में हुए पेड़ों के अवैध कटान के विरोध में डीसी कार्यालय शिमला के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्त्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शिलाई क्षेत्र में हो रहा अवैध कटान न केवल प्राकृतिक संतुलन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा है। प्रदेश सह मंत्री तेजस्विनी गुलेरिया ने कहा कि शिलाई की यह घटना पूरे प्रदेश को शर्मसार करने वाली है और प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों और दोषियों पर कोई बड़ी कार्यवाही नहीं की गई है।
तेजस्विनी गुलेरिया ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आगामी दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संजौली इकाई अध्यक्ष ऋतिक ने कहा कि आए दिन प्रदेश में ऐसी बढ़ती घटनाओं के कारण प्रदेश में वन माफिया, खनन माफिया और नशा माफिया के हौंसले बुलंद हुए जा रहे हैं। शिलाई के इस मामले में प्रदेश सरकार चुप्पी साधे हुए है जिससे प्रतीत होता है कि सरकार दोषियों को बचाने का काम कर रही है। अगर प्रदेश सरकार द्वारा जल्द दोषियों पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद आने वाले समय में प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here