Edited By Vijay, Updated: 24 Jul, 2025 05:39 PM
मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र में वीरवार सुबह पेश आए बस हादसे में 8 लाेगाें की माैत हाे गई है, जबकि 21 लाेग घायल बताए जा रहे हैं।
सरकाघाट (महाजन): मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र में वीरवार सुबह पेश आए बस हादसे में 8 लाेगाें की माैत हाे गई है, जबकि 21 लाेग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे सरकाघाट से जमनी जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस तारंगला के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। हादसे के दाैरान माैके पर चीखाेपुकार मच गई। हादसे के दाैरान बस में चालक-परिचालक सहित 29 लाेग सवार थे।
वहीं हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंच कर राहत व बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को 108 एम्बुलैंस और निजी वाहनों की सहायता से सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया। यहां 3 महिलाओं सहित पांच लोगों ने उपचार के दाैरान दम ताेड़ा, जबकि 3 अन्य की नेरचौक मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान माैत हाे गई। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 लाेगाें को नेरचाैक और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज सहित एम्स बिलासपुर रैफर किया गया है, जबकि 4 घायलों माया देवी, कामना, सूरज, स्कीनदास का उपचार सरकाघाट अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान बलवीर (60) निवासी पाटी भलयारा, अंतरिक्ष (17) निवासी गरौड़ू, बर्फी देवी (80) निवासी भलयाणा, गीता देवी (65) निवासी रसेहड़, डोलमा देवी (70) निवासी रमेहड, कलासी देवी (60) निवासी तारंगला, सुमन कुमार (33) मसेरन व प्रकाश चंद (71) मसेरन के रूप में हुई है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए तथा घायलों को 5-5 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई, जबकि परिवहन निगम सरकाघाट ने मृतकों के परिजनों को 10 हजार तथा घायलों को 3-3 हजार रुपए की सहायता राशि दी है।
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंच कर जाना घायलों का कुशलक्षेम
उधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहाेत्री सहित विधायक दलीप ठाकुर ने सरकाघाट अस्पताल पहुंच कर घायलों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों से संवेदना भी प्रकट की। पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व विधायक कर्नल इंद्र सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य चंद्रमोहन शर्मा, मुनीश शर्मा तथा कांग्रेस नेता जय कुमार आजाद ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बता दें कि हादसे के दाैरान प्रशासन की ओर से एसडीएम स्वाति डोगरा, डीएसपी संजीव गौतम, एसएचओ रजनीश ठाकुर, ग्राम पंचायत मसेरन के प्रधान नरेश कुमार सहित कई स्थानीय युवक राहत और बचाव कार्यों में जुटे रहे।
घायल यात्रियों की सूची
घायलों में 6 साल की बच्ची सानिया निवासी रोपड़ी सहित पूनम (27) घरवासड़ा, तुलसी (37) चन्दरोही भोरंज, मनसा देवी (46) जमनी, मीरा देवी (57) कांगू का गलु, रूमादेवी (67) मसेरन, बंदना कुमारी (45) रोपड़ी, सुरेश कुमार (38) बदरसा, माया देवी (28) डवरोग, कल्पना देवी (30) रमेहड, शालू देवी (26) तारगला, प्रेम कुमारी (58) तारगला, कामना (25) सज्याओ पीपलू, गीता देवी (50) रसेहड़, कृष्ण चंद (47) हुक्ल, बलाराम, बल्ह ललिहण, पूनम कुमारी (25) जमसाये, सकिना (35) रोपड़ पंजाब, सुरज सिंह (27) सदावती पंजाब, जगदीश चंद (50) चहड़ी (चालक) व अश्वनी कुमार (33) रिसा के हैं।