Sirmaur: पुलिस की मुस्तैदी ने बिगाड़ा तस्करों का खेल, 161 टीन अवैध बिरोजा से लदे वाहन सहित 2 काबू

Edited By Vijay, Updated: 18 Dec, 2025 05:52 PM

2 people caught along with vehicle loaded with illegal resin

वन संपदा की तस्करी करने वालों के मंसूबों पर राजगढ़ पुलिस ने पानी फेर दिया है। पुलिस की मुस्तैदी और सतर्कता के चलते यशवंतनगर में अवैध बिरोजा की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है।

राजगढ़ (गाेपाल): वन संपदा की तस्करी करने वालों के मंसूबों पर राजगढ़ पुलिस ने पानी फेर दिया है। पुलिस की मुस्तैदी और सतर्कता के चलते यशवंतनगर में अवैध बिरोजा की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है। तस्कर पुलिस की नाकेबंदी देखकर भागने की फिराक में थे, लेकिन कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यशवंतनगर पुलिस चौकी की टीम बुधवार रात्रि गश्त और नाकेबंदी पर थी। इसी दौरान सनौरा की तरफ से एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक सकपका गया और उसने नाके से कुछ दूरी पहले ही वाहन रोक दिया। यह देखकर पुलिस कर्मियाें को शक हुआ और वे तुरंत वाहन के पास पहुंचे।

पिकअप वाहन में 2 व्यक्ति सवार थे। उनकी संदिग्ध गतिविधियां देखकर पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें बिरोजा के 161 टीन पाए गए। पुलिस ने जब चालक से इतनी बड़ी मात्रा में बिरोजा ले जाने का पास और परमिट मांगा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे यह साफ हो गया कि बिरोजा की यह खेप अवैध रूप से चोरी-छिपे ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी सहित पूरी खेप को जब्त कर लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी वीसी नेगी ने बताया कि अवैध वन संपदा के परिवहन को लेकर पुलिस सख्त है। आरोपी चालक और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से वन तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!