Edited By Kuldeep, Updated: 15 Jun, 2025 05:24 PM

नागपुर से मनाली घूमने आए एक परिवार के साथ हादसा हुआ है। हादसा एक सप्ताह पुराना है। मनाली में जिप लाइन से बच्ची अचानक 30 फुट गहरी खाई में गिर गई।
मनाली (सोनू): नागपुर से मनाली घूमने आए एक परिवार के साथ हादसा हुआ है। हादसा एक सप्ताह पुराना है। मनाली में जिप लाइन से बच्ची अचानक 30 फुट गहरी खाई में गिर गई। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि जिप लाइन की तार टूटने से यह हादसा हुआ है। यहां बच्ची अपने पूरे परिवार के साथ आई हुई थी। इसी दौरान बच्ची मनाली के नेहरूकुंड के पास जिप लाइन में गई। वापसी में वह जिप लाइन से गिर गई। इस हादसे में बच्ची को गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद बच्ची को पहले मिशन अस्पताल में भर्ती किया और बाद में चंडीगढ़ रैफर किया था। अब उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार नागपुर के रहने वाले प्रफुल्ल बिजवे अपनी पत्नी और बेटी त्रिशा के साथ गर्मी की छुट्टी मनाने मनाली गए थे। 8 जून को प्रफुल्ल बिजवे की बेटी त्रिशा जिप लाइन से एक किनारे से दूसरे किनारे की ओर जा रही थी। इसी बीच अचानक जिप लाइन की केबल टूट गई। उसके बाद त्रिशा 30 फुट ऊंचाई से नीचे गिर गई। मनाली थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि जिप लाइन का मामला एक सप्ताह पुराना है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। बच्ची के पिता कानूनी कार्रवाई नहीं करने की बात कर बच्ची को मिशन अस्पताल से चंडीगढ़ ले गए थे।