Edited By Kuldeep, Updated: 03 Jan, 2026 07:31 PM

डमटाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिलटॉप दुर्गा मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मानसर से पठानकोट की ओर जा रही मानसर टोल प्लाजा की एक गाड़ी में अचानक आग लग गई।
ठाकुरद्वारा (गगन): डमटाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिलटॉप दुर्गा मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मानसर से पठानकोट की ओर जा रही मानसर टोल प्लाजा की एक गाड़ी में अचानक आग लग गई। गाड़ी में डीजल से भरे 4 ड्रम लोड थे। आग लगते ही कुछ ही देर में पूरी गाड़ी धू-धू कर जल गई। घटना के समय गाड़ी में सवार 2 लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए जलती हुई गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई और फिर बड़ी होशियारी से गाड़ी में लोड किए हुए ड्रमों को सुरक्षित रोड पर गिराया। आग लगने की सूचना मिलते ही थाना डमटाल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही पंजाब पुलिस की सड़क सुरक्षा टीम भी एएसआई सुभाष चंद्र के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग इंदौरा को सूचित किया गया। अग्निशमन विभाग इंदौरा की गाड़ी के साथ-साथ पंजाब के पठानकोट अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान सड़क सुरक्षा बल द्वारा यातायात को सुचारू रूप से चलाया गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लगने से बच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ, हालांकि गाड़ी पूरी तरह से जल गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।