Edited By Vijay, Updated: 10 May, 2025 11:44 AM

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों जहां बर्फबारी हो रही है तो वहीं मैदानी इलाकों में बारिश अपना प्रभाव दिखा रही है।
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों जहां बर्फबारी हो रही है तो वहीं मैदानी इलाकों में बारिश अपना प्रभाव दिखा रही है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को भी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 11 मई तक मौसम खराब बना रहेगा, जिसके बाद 12 मई से धूप खिलने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सैल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है।
राज्य के ऊंचे क्षेत्रों में बीते शुक्रवार को बर्फबारी भी दर्ज की गई है। रोहतांग सहित लाहौल की चोटियों पर 5 से 10 सैंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है, जबकि धौलाधार की पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। इस बर्फबारी के चलते रोहतांग और कुंजम दर्रा बहाली का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं मैदानी और निचले इलाकों में भी बारिश का दौर जारी है। बीते शुक्रवार को मंडी, चम्बा, कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना में बारिश हुई। इस बारिश से कांगड़ा और मंडी में गेहूं की फसल को नुक्सान पहुंचने की खबर है, जिससे अन्नदाताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं।
राजधानी शिमला में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का पूर्वानुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here