सराज में दो दर्दनाक हादसे: दो लोगों की मौत, एक महिला घायल

Edited By Jyoti M, Updated: 17 Mar, 2026 10:07 AM

two tragic accidents in seraj two dead one woman injured

सराज विधानसभा क्षेत्र में देर रात तक हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार, ये दोनों हादसे बर्फबारी के कारण फिसलन भरी सड़क पर वाहन के अनियंत्रित होने से हुए।

थुनाग, (ख्यालीराम): सराज विधानसभा क्षेत्र में देर रात तक हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार, ये दोनों हादसे बर्फबारी के कारण फिसलन भरी सड़क पर वाहन के अनियंत्रित होने से हुए। पहला हादसा सोमवार देर शाम जंजैहली थाना के तहत मगरूगला क्षेत्र में हुआ। कुल्लू जिले के सयोबाग बबेली निवासी अमित गौतम (34) पुत्र अमर सिंह अपनी पत्नी पूनम के साथ कार एचपी 34ई 8713 में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।

मगरूगला के समीप तीव्र मोड़ पर बर्फबारी के कारण कार फिसलन भरी सड़क पर अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अमित गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी पूनम कार की अचानक खिड़की खुलने से बाहर गिर गईं। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को खाई से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल जंजैहली पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मैडिकल कालेज नेरचौक रैफर कर दिया गया।

वहीं, दूसरा हादसा बगस्याड़-शिकावरी सड़क पर आईपीएच रेस्ट हाउस के पास हुआ। गांव सुनास निवासी नेक राम पुत्र स्वर्गीय शंकर दास देर रात बगस्याड़ से अपनी आल्टो कार नंबर एचपी 32बी0460 में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार भी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे का पता मंगलवार सुबह तब चला जब ग्रामीणों ने सड़क से नीचे खाई में कार को देखा। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार के अंदर नेक राम का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने दोनों हादसों की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया हादसों का कारण बर्फबारी के चलते फिसलन भरी सड़क और वाहनों का अनियंत्रित होना प्रतीत होता है। पुलिस दोनों मामलों में मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!