Edited By Jyoti M, Updated: 05 Jun, 2025 09:19 AM

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है। प्रदेश का संपूर्ण एवं समग्र विकास हो इसके लिए वर्तमान सरकार निरंतर प्रयासरत है। संजय अवस्थी यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्दर...
सोलन। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है। प्रदेश का संपूर्ण एवं समग्र विकास हो इसके लिए वर्तमान सरकार निरंतर प्रयासरत है। संजय अवस्थी यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू के ऊर्जावान नेतृत्व में प्रदेश सरकार विशेषकर कमजो़र वर्गों की महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मज़बूत बनाने के लिए कार्य का रही है। उन्होंने कहा कि स्वंय सहायता समूह महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके।
विधायक ने कहा कि महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सुख-शिक्षा योजना’ के तहत प्रदेश में 01 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाली सभी विधवा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा पर होने वाला व्यय प्रदेश सरकार वहन कर रही है। इसके अतिरिक्त विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा और अक्षम माता-पिता के सभी पात्र बच्चों के आरडी खाते में 18 वर्ष की आयु तक 1000 रुपए प्रतिमाह प्रदान करने का प्रावधान भी किया गया है।
संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार रोज़गारपरक तकनीकी शिक्षा पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को वर्तमान दौर में निजी क्षेत्र की आवश्यकतानुसार रोज़गारपरक शिक्षा तथा प्रशिक्षण पर भी विशेष बल दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोज़गार प्रदान करवाया जा सके। वर्तमान सरकार द्वारा मेधावी छात्रों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से डॉ. यशवंत सिंह परमार ऋण योजना को विस्तार प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत विदेशों के शैक्षणिक संस्थानों में पेशेवर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की शिक्षा ग्रहण करने में इच्छुक पात्र मेधावी छात्रों को इस योजना का लाभ देने का भी निर्णय लिया गया। इस योजना के तहत, राज्य सरकार एक प्रतिशत की ब्याज दर पर शैक्षिक ऋण प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना-2023 के तहत ई-टैक्सियों को किराए पर लेने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश तैयार करने को भी स्वीकृति दी गई है। प्रदेश सरकार द्वारा केबिनेट में राज्य के गौसदनों में गौवंश के चारे पर दिए जाने वाले अनुदान को प्रति गौवंश 700 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग में डिजाइन विंग का सिविल विंग में विलय करने पर अपनी सहमति प्रदान की। इससे विभाग की कार्यशैली सुव्यवस्थित और दक्ष होगी।
संजय अवस्थी ने इससे पूर्व नगर पंचायत के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष पदम देव को बधाई दी तथा राजनीति से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जन सहभागिता नितांत आवश्यक है तभी नगर पंचायत का संपूर्ण विकास संभव है। उन्होंने नगर पंचायत अर्की के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए की देने की घोषणा की। विधायक ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनी तथा प्राथमिकता के आधार पर अधिकारियों को निपटाने के निर्देश दिए। इससे पूर्व शपथ समारोह के दौरान अर्की के उपमंडलाधिकारी निशांत तोमर द्वारा नगर पंचायत के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष पदम देव को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की की पार्षद रुचिका गुप्ता व निर्मला देवी, मनोनीत पार्षद कुलदीप सिंह व विनय वशिष्ठ, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, उपमण्डलीय भू-संरक्षण अधिकारी अर्की रविन्द्र कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य उपस्थित थे।