Edited By Kuldeep, Updated: 07 Aug, 2023 09:24 PM

चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग के जल्द बहाल होने की संभावना बन गई है। चक्की मोड़ में नए सिरे से सड़क का निर्माण हो गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो मंगलवार से छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल भी हो सकती है।
सोलन (ब्यूरो): चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग के जल्द बहाल होने की संभावना बन गई है। चक्की मोड़ में नए सिरे से सड़क का निर्माण हो गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो मंगलवार से छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल भी हो सकती है। हालांकि पहाड़ से लगातार भूस्खलन हो रहा है। इसी का ही परिणाम है कि वाहनों की आवाजाही अभी तक बहाल नहीं हुई है। लगातार हो रही बारिश से वहां पर भूस्खलन हो रहा है। सोमवार को भी बड़ी मात्रा में पहाड़ से मलबा गिर गया। पूरा दिन मलबे को ही उठाने में लग गया। यदि फिर से बारिश व भूस्खलन हुआ तो मंगलवार को भी एन.एच. को बहाल करने में संकट पैदा हो सकता है। फोरलेन निर्माता कंपनी पहाड़ को काट कर नई सड़क बनाने में कामयाब हो गई है। इस सड़क को चौड़ा बनाया गया है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता छोटे वाहनों की आवाजाही को बहाल करने की है। यदि पहाड़ से भूस्खलन बंद हो गया और वहां पर सड़क को कोई नुक्सान नहीं होता है तो बड़े वाहनों की आवाजाही भी जल्द शुरू हो जाएगी। मौके पर मलबे को हटाया जा रहा है। इसके बाद मिट्टी को बिठाने का काम हो गया, फिर टारिंग की जाएगी। यह तभी संभव है, यदि वहां पर मौसम साफ रहता है।
चक्की मोड़ ख्वाजा देवता को मनाने के लिए हुई पूजा
चक्की मोड़ में बार-बार हो रहे भूस्खलन से एन.एच.ए.आई. व फोरलेन निर्माता कंपनी भी परेशान हो गई है। अब उन्हें भी लगा कि कोई दैवीय शक्ति नाराज है। सोमवार को वहां पर स्थानीय लोगों के साथ ख्वाजा (पानी के देवता) को मनाने के लिए पूजा की गई। कोटी पंचायत की प्रधान की अगुवाई में यह पूजा की गई। इसमें कंपनी के कर्मचारी भी शामिल हुए। वहां पर प्रसाद बनाने के साथ कन्याओं का भी पूजन किया गया।
जंगेशु रोड पर पास को लेकर वाहन चालकों में चले लात-घूंसे
एन.एच.-5 के बंद होने से छोटे वाहनों को जंगेशु से डायवर्ट किया गया है। सोमवार को इस रोड पर मशोबरा के पास ओवरटेक को लेकर 2 वाहन चालकों के बीच में जबरदस्त मारपीट हुई। दोनों ओर से खूब लात-घूंसे चले। इस कारण वहां पर लंबा जाम लग गया।