Edited By Kuldeep, Updated: 14 Feb, 2026 10:23 PM

बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में शनिवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।
शाहतलाई (हिमल): बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में शनिवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। शनिवार सुबह तड़के से ही मंदिर परिसर में भक्तों का आना शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ौतरी होती रही और शाम तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ व हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से पहुंचे भक्त नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे। पूरा वातावरण “जय बाबा बालक नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा बालक नाथ से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और मंदिर न्यास की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
मंदिर परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी, जहां भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति के सहयोग से श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया गया। शनिवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि बाबा बालक नाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास निरंतर बढ़ता जा रहा है।