पुलिस का चला डंडा, फ्लॉप हुआ तस्करों का फंडा! 101 पेटी अवैध शराब के साथ 2 गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 18 Mar, 2026 04:10 PM

pickup vehicle loaded with illegal liquor seized 2 arrested

हिमाचल प्रदेश में अवैध नशे और शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में मंडी जिले की गोहर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।

गोहर (ख्यालीराम): हिमाचल प्रदेश में अवैध नशे और शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में मंडी जिले की गोहर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चैल-जंजैहली मार्ग पर कटलोग के समीप नाकेबंदी के दौरान एक पिकअप गाड़ी से अवैध रूप से ले जाई जा रही देसी शराब की 101 पेटियां बरामद की हैं। यही नहीं, मौके से 2 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहर पुलिस की टीम मंगलवार देर रात के समय चैल-जंजैहली सड़क पर वाहनों की सघन चैकिंग कर रही थी। इसी बीच चैलचौक की तरफ से एक पिकअप गाड़ी (HP 82A-6348) आती हुई दिखाई दी। पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी को रुकने का इशारा किया। तलाशी लेने के लिए जब पुलिस जवानों ने गाड़ी के डाले में झांका, तो वे भी हैरान रह गए। गाड़ी के डाले में ऊपर तक देसी शराब की पेटियां लदी हुई थीं। पुलिस ने तुरंत गाड़ी में सवार चालक व अन्य व्यक्ति से शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों आरोपी कोई भी कागजात पेश करने में नाकाम रहे।

दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने तुरंत गाड़ी को शराब समेत अपने कब्जे में ले लिया। गिनती करने पर कुल 101 पेटियां देसी शराब की बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों की पहचान राकेश कुमार और पंकज राणा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बड़ी मात्रा में पकड़ी गई इस खेप के बाद पुलिस अब गहन पूछताछ में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चुनाव या त्यौहारी सीजन के मद्देनजर इतनी भारी मात्रा में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। इस रैकेट के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने गोहर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में नशे और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे का कारोबार करने वाले सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरैंस कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!