Sirmour: बिना परमिट-टैक्स चल रही उत्तराखंड नंबर की स्कूल वैन पकड़ी, 45 हजार का चालान

Edited By Kuldeep, Updated: 09 Feb, 2026 10:46 PM

nahan taxi challan

उपमंडल पांवटा साहिब में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। उत्तराखंड में पंजीकृत एक स्कूल वैन बिना वैध परमिट, टैक्स और आवश्यक अनुमति के पांवटा साहिब के एक निजी स्कूल के बच्चों को लाने-ले जाने का कार्य कर रही...

नाहन (आशु): उपमंडल पांवटा साहिब में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। उत्तराखंड में पंजीकृत एक स्कूल वैन बिना वैध परमिट, टैक्स और आवश्यक अनुमति के पांवटा साहिब के एक निजी स्कूल के बच्चों को लाने-ले जाने का कार्य कर रही थी। मतरालियों के नजदीक पट्टी नाथ सिंह क्षेत्र में जांच के दौरान परिवहन विभाग की नजर इस स्कूल वैन पर पड़ी। विभाग की टीम ने वैन को रोककर दस्तावेजों की जांच की, जिसमें सामने आया कि स्कूल वैन बिना परमिट व टैक्स के अवैध रूप से अंतर्राज्यीय संचालन कर रही थी।

नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए स्कूल वैन का 45 हजार रुपए का चालान किया। इसके साथ ही विभाग ने वैन का स्टेट परमिट और आरसी भी कब्जे में ली है। हालांकि यह कार्रवाई गत गुरुवार को अमल में लाई गई, लेकिन अब तक चालान की राशि जमा नहीं कराई गई है।

उधर परिवहन विभाग ने इसे बच्चों की जान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि बिना अनुमति संचालित स्कूल वैन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी कर बच्चों की सुरक्षा से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने दो टूक शब्दों में कहा कि बिना परमिट, टैक्स, फिटनैस और अन्य जरूरी दस्तावेजों के किसी भी स्कूल वैन को सड़क पर चलने नहीं दिया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

स्टेट परमिट और आरसी दोनों कब्जे में ली : आरटीओ
उधर आरटीओ सिरमौर सोना चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बिना परमिट और टैक्स के स्कूल वैन का संचालन करना कानून का गंभीर उल्लंघन है। इसी के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई है और संबंधित वैन का स्टेट परमिट व आरसी कब्जे में ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और परिवहन विभाग ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!