Edited By Kuldeep, Updated: 13 Jul, 2025 07:33 PM

मनाली-लेह मार्ग के तंगलंगला, बारालाचा व शिंकुला दर्रों में शनिवार रात व रविवार सुबह बर्फ के फाहे गिरे। घाटी में रात भर बारिश हुई जबकि दर्रों में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम जारी रहा।
मनाली (सोनू): मनाली-लेह मार्ग के तंगलंगला, बारालाचा व शिंकुला दर्रों में शनिवार रात व रविवार सुबह बर्फ के फाहे गिरे। घाटी में रात भर बारिश हुई जबकि दर्रों में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम जारी रहा। हालांकि सभी मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रही। रविवार को 88 वाहन रोहतांग पहुंचे। रोहतांग दर्रे में बर्फ न होने के कारण बहुत कम पर्यटक रोहतांग का रुख कर रहे हैं। इन दिनों अधिकतर पर्यटक बारालाचा व सरचू होते हुए लेह जबकि शिंकुला होते हुए जांस्कर का रुख कर रहे हैं। इन दिनों मनाली की अपेक्षा लाहौल-स्पीति पर्यटकों से चहकी हुई है।
रविवार को भी लाहौल के त्रिलोकीनाथ, जिसपा, सरचू, शिंकुला व बारालाचा में पर्यटकों से रौनक लगी रही। दूसरी ओर कुल्लू-मनाली में सुहावने मौसम के बीच पर्यटन कारोबारियों को पर्यटकों का इंतजार है। सप्ताह अंत में रौनक बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन बारिश व भूस्खलन के चलते पर्यटकों की आमद नहीं बढ़ पाई है। होटल कारोबारी रवि व राजू ने बताया कि इस सप्ताह अंत में पर्यटकों की आमद नहीं बढ़ पाई है। उन्होंने बताया कि मौसम व सड़कें ठीक होते ही मनाली में पर्यटन कारोबार गति पकड़ेगा। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में वाहनों की आवाजाही सुचारू है।