Kangra: बैजनाथ पुलिस ने तोड़ा नशा माफिया का नैटवर्क, चरस तस्करी का मुख्य सप्लायर डल्हौजी से गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 15 Apr, 2026 06:02 PM

main supplier of hashish arrested from dalhousie

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी अभियान में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कांगड़ा जिला के अंतर्गत बैजनाथ पुलिस ने एक विशेष ऑप्रेशन के तहत चरस तस्करी के मुख्य सप्लायर को चम्बा जिला के डल्हौजी से गिरफ्तार कर लिया है।

बैजनाथ (सुरिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी अभियान में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कांगड़ा जिला के अंतर्गत बैजनाथ पुलिस ने एक विशेष ऑप्रेशन के तहत चरस तस्करी के मुख्य सप्लायर को चम्बा जिला के डल्हौजी से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने उस नैटवर्क का पर्दाफाश कर दिया है, जो क्षेत्र में नशा सप्लाई कर रहा था।

मामले की शुरूआत 7-8 मार्च, 2026 की रात को हुई थी। पुलिस थाना बैजनाथ की टीम ने गश्त के दौरान नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान स्कूटी (नंबर HP 40F-5509) पर सवार 2 युवकों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 135 ग्राम चरस बरामद हुई थी। पकड़े गए युवकों की पहचान अनीश ठाकुर (19) निवासी चम्बा और नमन (20) निवासी कांगड़ा के रूप में हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

आरोपियों से की गई गहन पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे। जांच में सामने आया कि इस चरस की खेप का मुख्य सप्लायर डल्हौजी का रहने वाला है। इसके बाद बैजनाथ पुलिस ने एक विशेष गुप्त टीम गठित की और आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बीते दिन सप्लायर यशपाल (29) निवासी बकरोटा, डल्हौजी को धर दबोचा।

कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता नशा माफिया के नैटवर्क को जड़ से खत्म करने की है। पुलिस केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई नहीं कर रही, बल्कि उन स्रोतों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है जहां से नशे की आपूर्ति की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें। किसी भी व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। पुलिस और समाज की एकजुटता ही इस लड़ाई को जीतने का एकमात्र रास्ता है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!