Edited By Swati Sharma, Updated: 21 Mar, 2026 04:35 PM

Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला अंतर्गत बल्ह क्षेत्र में शुक्रवार शाम को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, दयारगी पंचायत के पास स्थित बीएसएल परियोजना की नहर में अचानक एक युवक गिर गया और तेज जलधारा के साथ बहने लगा। हालांकि, दयारगी पंचायत...
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला अंतर्गत बल्ह क्षेत्र में शुक्रवार शाम को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, दयारगी पंचायत के पास स्थित बीएसएल परियोजना की नहर में अचानक एक युवक गिर गया और तेज जलधारा के साथ बहने लगा। हालांकि, दयारगी पंचायत के पूर्व प्रधान ने अपनी जान की परवाह किए बिना युवक की जान बचाई।
दहशत के बीच 'देवदूत' की एंट्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दयारगी पंचायत के पास स्थित बीएसएल (BSL) परियोजना की नहर में अचानक युवक गिर गया और तेज जलधारा के साथ बहने लगा। युवक को बहता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि कोई भी उसमें उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इसी बीच दयारगी पंचायत के पूर्व प्रधान बालक राम कौशल वहां पहुंचे और बिना एक पल गंवाए उफनती नहर में छलांग लगा दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बालक राम कौशल किस तरह संघर्ष करते हुए बहते हुए युवक तक पहुंचते हैं। उन्होंने बड़ी मशक्कत के बाद युवक को पकड़ा और फिर किनारे पर मौजूद लोगों की मदद से रस्सी के सहारे उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मिली इस मदद ने युवक को नया जीवनदान दिया है।
पहले भी बचा चुके हैं कई जानें
वहीं, जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसे स्थानीय लोग अपनी खतरनाक गहराई और तेज बहाव के कारण 'खूनी नहर' कहते हैं। यह पहली बार नहीं है जब बालक राम कौशल ने ऐसा साहसिक कार्य किया हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पूर्व में भी कई डूबते हुए लोगों को बचा चुके हैं, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में उन्हें 'जीवन रक्षक' के नाम से जाना जाता है। उनकी इस निस्वार्थ सेवा और बहादुरी की अब हर तरफ सराहना हो रही है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें