एचआरटीसी उपाध्यक्ष ने विधायक सुक्खू पर लगाए अधिकारियों को डराने के आरोप

Edited By prashant sharma, Updated: 02 Aug, 2021 12:38 PM

hrtc vice president accuses mla sukhu of intimidating officials

एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू पर अधिकारियों व पंचायत सचिवों को डराने, धमकाने व कानूनी कार्रवाई करने की धमकी देकर कार्य करवाने का गंभीर आरोप लगाया है।

नादौन (संजीब बाॅबी) : एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू पर अधिकारियों व पंचायत सचिवों को डराने, धमकाने व कानूनी कार्रवाई करने की धमकी देकर कार्य करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। नादौन में आयोजित प्रेस वार्ता में अग्निहोत्री ने कहा कि यह बड़ी शर्मनाक बात है कि एक विधायक अपनी मर्यादा भूल कर एक बड़े अधिकारी पर विशेषाधिकार कानून के तहत कार्यवाही करने का डर दिखाते हुए उन्हें डरा रहा है। इतना ही नहीं पंचायत सचिवों को भी इसी तरह डरा धमका कर उनसे अनावश्यक कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुख्खू की इस तरह की दबंगई को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना कि प्रथम और द्वितीय लहर में जब क्षेत्र के लोगों को सैनिटाइजर और मास्क की अत्यधिक आवश्यकता थी सब भाजपा कार्यकर्ता एक एक पीड़ित परिवार के साथ खड़े थे, परंतु दोनों लहरों के समय विधायक क्षेत्र से गायब थे और घर पर ही रहे। परंतु अब जब परिस्थितियां काफी बेहतर हो गई हैं तो विधायक पंचायतों में जाकर सैनिटाइजर और मास्क बांटने निकले हैं और इसके लिए वह अधिकारियों और कर्मचारियों को डरा धमका कर संबंधित पंचायतों में पहुंचने को विवश कर रहे हैं। ऐसे में कई पंचायत सचिव अपने कंधों पर डिब्बे उठा कर पंचायतों में पहुंच रहे हैं।

अग्निहोत्री ने कहा कि क्या कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं की कमी है या उन में इतना दम नहीं है कि वह कर्मचारियों की बजाय कार्यकर्ताओं के भरोसे यह कार्य करवाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी इतना उत्साह नहीं है कि वह गांवों में सुख्खू के कार्यक्रम करवा पाए। अग्निहोत्री ने चेतावनी दी है कि यदि सुख्खू ने सही मायनों में कार्य करवाए हैं तो वह उनके आधार पर लोगों के बीच जाएं। अग्निहोत्री ने सुख्खू से निवेदन किया है कि जैसे वह 4 वर्ष तक शिमला में अपने घर पर रहे वैसे ही घर में सुरक्षित और स्वस्थ रहें और लोगों की चिंता ना करें, क्योंकि नादौन के लोगों की जैसे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा की है वैसे ही आगे आने वाले समय में भी उनके साथ खड़े रहेंगे।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!