Edited By Vijay, Updated: 19 Jun, 2025 06:18 PM

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर शिमला के रिज मैदान पर 22 जून को इंटरनैशनल प्रो-बॉक्सिंग का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे।
शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर शिमला के रिज मैदान पर 22 जून को इंटरनैशनल प्रो-बॉक्सिंग का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा व मंत्रिमंडल के कई अन्य सहयोगी व विधायक भी मौजूद होंगे।
वीरवार को हिमाचल प्रोफैशनल बॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन के महासचिव यदुपति ठाकुर ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि इस आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस प्रतियोगिता में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सरों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश प्रदेश व देश के ख्याति प्राप्त बॉक्सर भाग ले रहे हैं। इसमें प्रदेश की महिला बॉक्सर विनाक्षी ठाकुर भी है, जो रोहड़ू से संबंध रखती हैं, भी हिस्सा लेंगी। विनाक्षी बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मैडलिस्ट रही हैं और इनका मुकाबला रूस की महिला बॉक्सर से होगा। उन्होंने बताया कि विनाक्षी पहली बार इंटरनैशनल प्रो-बॉक्सिंग में हिस्सा ले रही हैं। इसके अलावा ओलिम्पियन हिमाचल प्रदेश के आशीष चौधरी भी इसमें हिस्सा लेंगे। इंटरनैशनल प्रो-बॉक्सिंग में भारत के अलावा रूस व उज्बेकिस्तान के बॉक्सर हिस्सा लेंगे। इस दौरान 5 स्पर्धाएं होंगी।
यदुपति ठाकुर ने बताया है कि इसके अतिरिक्त इस दौरान दर्शकों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। इसमें नाटी किंग से मशहूर कुलदीप शर्मा भी प्रस्तुति देंगे। यदुपति ठाकुर ने बताया है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री की याद में ऑर्गेनाइजेशन प्रदेश में युवाओं में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नशा छोड़ो व खेल खेलो की थीम के साथ किया जा रहा है और भविष्य में प्रदेश व जिला स्तर पर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे और मैराथन भी आयोजित की जाएगी।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक