Edited By Kuldeep, Updated: 08 Feb, 2026 05:22 PM

सदर थाना के अंतर्गत आते मोरसू क्षेत्र में शनिवार रात को सड़क किनारे खड़े जिला कांगड़ा से ताल्लुक रखने वाले एक व्यक्ति की कार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है।
हमीरपुर (अजय): सदर थाना के अंतर्गत आते मोरसू क्षेत्र में शनिवार रात को सड़क किनारे खड़े जिला कांगड़ा से ताल्लुक रखने वाले एक व्यक्ति की कार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। वहीं पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान गुरदेव उर्फ अनूप (55) पुत्र छोटू राम निवासी साई डाकघर बोड़ा तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक गुरदेव मेलों में स्टाल लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को करीब 8 बजे वह मोरसू में सड़क किनारे खड़ा था तो इस दौरान हमीरपुर से शिमला की ओर जा रही एक कार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मैडीकल कालेज हमीरपुर ले जाया गया, यहां पर एमरजैंसी वार्ड में तैनात डाक्टर्स ने उसकी नाजुक हालत के मद्देनजर उसे बिलासपुर एम्स रैफर कर दिया, परन्तु गुरदेव ने एम्स ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
पुलिस ने चालक के ब्लड व यूरिन सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे
जानकारी के मुताबिक कार को रक्कड़ क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाला एक व्यक्ति चला रहा था। बताया जा रहा है कि चालक किसी विभाग में जे.ई. के पद पर तैनात है तथा वर्तमान में किन्नौर जिले में तैनात है और शनिवार शाम को वह अपने घर रक्कड़ से किन्नौर जा रहा था। इस बीच मोरसू के पास वह कार से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ा गुरदेव कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके उपरांत उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं कार चालक के ब्लड और यूरिन के सैंपल लेकर आरएफएसएल को जांच के लिए भेज दिए गए हैं। बता दें कि अगर आरएफएसएल रिपोर्ट में चालक में अल्कोहल के सेवन की पुष्टि होती है तो इस सूरत में पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। मामले की पुष्टि एएसपी राजेश उपाध्याय ने की है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, वहीं इस मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई अमल में ला रही है।