Edited By Kuldeep, Updated: 27 Jul, 2025 07:44 PM

राज्यसभा सांसद डा. सिकंदर कुमार ने संसद में किसानों को रसायन मुक्त कृषि अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे चर्चा की।
हमीरपुर (राजीव): राज्यसभा सांसद डा. सिकंदर कुमार ने संसद में किसानों को रसायन मुक्त कृषि अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे चर्चा की। उन्होंने बताया कि संसद में मिली जानकारी के अनुसार प्रयोगशाला से खेत तक के विजन को मजबूती प्रदान करने के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन खरीफ पूर्व अभियान के तौर पर देशभर में 29 मई से 12 जून के दौरान किया गया। इसका उद्देश्य किसानों के बीच खरीफ सीजन की उन्नत कृषि प्रौद्योगिकियों के बारे में तथा कृषि विकास पर सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों के बारे में जागरूकता का सृजन करना था तथा साथ ही किसान प्रेरित नवाचारों और किसानों की प्रतिक्रिया को दस्तावेजी रूप देना था।
उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा एकल खिड़की कृषि जानकारी, संसाधन एवं क्षमता विकास केंद्र के अधिदेश वाले कुल 731 कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्र योजना लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा रसायन मुक्त खेती के रूप में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस संबंध में एक केंद्रीय प्रायोजित योजना के तौर पर राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन को क्रियान्वित किया गया है जिसका उद्देश्य प्राकृतिक कृषि के पद्धति पैकेज, प्राकृतिक सामग्री जैसे मिश्रण आदि की तैयारी पर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है।