Edited By Vijay, Updated: 23 Aug, 2023 09:35 PM

भारत के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य नेताओं ने इसके लिए इसरो वैज्ञानिकों को बधाई दी है।
शिमला (कुलदीप): भारत के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य नेताओं ने इसके लिए इसरो वैज्ञानिकों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने बुधवार को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह ऐतिहासिक और यादगार क्षण है क्योंकि आज हमारा देश चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपना लोहा मनवाया है और पूरे विश्व में देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह भारत के वैज्ञानिकों की बड़ी जीत है। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने वर्ष 1962 में अंतरिक्ष अनुसंधान एजैंसी की स्थापना की थी, जिससे भारत के अंतरिक्ष अभियानों के लिए मजबूत नींव रखने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

भाजपा ने तिरंगा लहराकर व पटाखे चलाकर मनाया जश्न
उधर, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ भाजपा के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन व प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में चंद्रयान-3 की लैंडिंग को देखा। उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना तथा तिरंगा लहराकर व पटाखे जलाकर भारत की इस विजय पर जश्न मनाया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इससे भारत ने पूरे विश्व में अपनी शक्ति का लोहा मनवाया है। इसके अलावा लोगों ने भी अपने घरों पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग को देखा।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री व वैज्ञानिकों को दी बधाई
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस समय पूरा देश गौरव महसूस कर रहा है तथा भारत ने अब अंतरिक्ष विज्ञान में भी दुनिया में खुद को श्रेष्ठ साबित करके दिखाया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here