Edited By Punjab Kesari, Updated: 24 Jun, 2017 08:57 PM
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया है कि नगर निगम शिमला चुनाव के बाद प्रदेश सरकार की विदाई तय है।
शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने दावा किया है कि नगर निगम शिमला चुनाव के बाद प्रदेश सरकार की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन रथयात्रा कांग्रेस मुक्त हिमाचल का लक्ष्य पूरा करेगी। वह कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. सरकार के समय प्रदेश को मात्र 20,600 करोड़ रुपए की राशि मिली थी जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए दिए हैं। इसके विपरीत प्रदेश सरकार आभार जताने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के महापौर और उपमहापौर शिमला शहर के लिए लक्की साबित हुए हैं और उनके आते ही शिमला स्मार्ट सिटी की सूची में आ गया।
प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। ऊपरी शिमला सहित प्रदेश में अपराध के मामले बढ़े हैं और वन माफिया सक्रिय है। उन्होंने प्रदेश में बिना अनुमति के बड़ी संख्या में पेड़ों को काटने का आरोप लगाया, साथ ही प्रदेश सरकार पर वन रक्षकों को माफिया से बचाने में असफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वन माफिया के अलावा प्रदेश में ड्रग माफिया की सक्रियता बढ़ गई है। सरकार इस तरह के माफिया पर नियंत्रण करने की बजाय झूठी घोषणाएं एवं उद्घाटन कर रही है।
विधानसभा चुनाव में 60 सीटें जीतेगी भाजपा
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। हिमाचल प्रदेश भाजपा रथयात्रा प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि प्रदेश की जनता का लगातार पार्टी को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जनहितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश का हर नागरिक सरकार से परेशान है।
परिवर्तन रथयात्रा में ये रहे मौजूद
परिवर्तन रथयात्रा में सांसद वीरेंद्र कश्यप, विधायक सुरेश भारद्वाज, पुरुषोत्तम गुलेरिया, जिला अध्यक्ष संजय सूद, प्रेम ठाकुर, मंडलाध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, उपमहापौर राकेश शर्मा, पार्षद शैलेंद्र चौहान, कमलेश मेहता और किरण बावा आदि मौजूद रहे। शिमला के पूर्व डी.सी. रहे जे.एस. राणा ने भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा के दौरान पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने दी।