Edited By Kuldeep, Updated: 09 Feb, 2026 05:22 PM

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आगामी परीक्षाओं से पहले बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने छात्रों में जोश भरते हुए उन्हें सफलता का मार्ग दिखाया है।
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आगामी परीक्षाओं से पहले बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने छात्रों में जोश भरते हुए उन्हें सफलता का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, कड़ा परिश्रम और अनुशासन ही वे स्तंभ हैं, जिनके दम पर छात्र बोर्ड परीक्षाओं में न केवल बेहतर अंक प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि अपने भविष्य की ठोस नींव भी रख सकते हैं। परीक्षा के अंतिम दिनों की संवेदनशीलता को देखते हुए डा. राजेश ने छात्रों से आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह के मानसिक तनाव को खुद पर हावी न होने दें।
उन्होंने समय के सदुपयोग पर जोर देते हुए कहा कि यह समय नए विषयों में उलझने की बजाय पुराने पाठ्यक्रम की पुनरावृत्ति और लिखित अभ्यास का है। एक संतुलित जीवनशैली और नियमित दिनचर्या ही छात्र को परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास से भर सकती है। बोर्ड अध्यक्ष ने छात्रों को नकल जैसी अनुचित प्रवृत्तियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। बोर्ड का उद्देश्य छात्रों पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सुरक्षित मंच प्रदान करना है।