Edited By Vijay, Updated: 27 Mar, 2026 10:25 PM

हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम के नवनियुक्त चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरैक्टर कर्नल मनीष धीमान ने अपना नया कार्यभार संभालने से पहले शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में शीश नवाया।
चिंतपूर्णी (राकेश): हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम के नवनियुक्त चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरैक्टर कर्नल मनीष धीमान ने अपना नया कार्यभार संभालने से पहले शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में शीश नवाया। मंदिर पुजारी रोहन कालिया ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उनसे माता की पूजा-अर्चना करवाई और माता की चुनरी भेंट स्वरूप प्रदान की।
खास बात यह है कि कर्नल मनीष धीमान ने पूर्व में माता के दरबार में 3 वर्षों तक अपनी सेवाएं (ड्यूटी) दी थीं। उस दौरान उन्होंने मां के चरणों में प्रार्थना की थी, जिसे स्वीकार करते हुए माता ने उन्हें अब प्रदेश स्तर पर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से नवाजा है। अपनी मन्नत पूरी होने और कृतज्ञता प्रकट करने के लिए उन्होंने सपरिवार मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस पावन अवसर पर उन्होंने माता रानी को 22 कैरेट शुद्ध सोने की नत्थ (हिमाचली डोडमाला सहित) अर्पित की।
करीब 2.990 ग्राम वजन की इस नत्थ की बाकर्नल आधुनिक कलाकारी कारीगरी से तैयार की गई है, जोकि माता की पिंडी को शोभित कर रही है। कर्नल मनीष धीमान ने मंदिर में माथा टेककर न केवल अपनी नई पारी के लिए शक्ति मांगी, बल्कि समूचे प्रदेश की सुख-समृद्धि और पूर्व सैनिकों के कल्याण की कामना भी की। मां के दर्शनों के पश्चात वह हमीरपुर में अपना पदभार ग्रहण करने के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर उनके साथ मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, वित्त एवं लेखा अधिकारी राजेंद्र कटोच, पुजारी तिलक राज कालिया, कनिष्ठ अभियंता विशाल ठाकुर व अन्य मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें