Edited By Vijay, Updated: 22 Jun, 2025 07:03 PM

अम्ब उपमंडल के मुबारिकपुर स्थित एक नामी उद्योग से माल ढुलाई को लेकर दो ट्रक यूनियनों के बीच उपजे विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। ट्रक यूनियन अम्ब और ट्रक यूनियन भंजाल के चालकों और पदाधिकारियों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में तबदील हो गया....
अम्ब (अश्विनी): अम्ब उपमंडल के मुबारिकपुर स्थित एक नामी उद्योग से माल ढुलाई को लेकर दो ट्रक यूनियनों के बीच उपजे विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। ट्रक यूनियन अम्ब और ट्रक यूनियन भंजाल के चालकों और पदाधिकारियों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में तबदील हो गया, जिसमें दोनों पक्षों से करीब 6 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह जब अम्ब यूनियन से संबंधित एक ट्रक उद्योग परिसर के मुख्य द्वार से गुजर रहा था तभी मामला गरमा गया।

आरोप है कि एकत्रित हुए भंजाल यूनियन के सदस्यों ने अम्ब यूनियन के सदस्यों पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। अम्ब यूनियन के सचिव हरदेव सिंह ने बताया कि इस हमले में उनके चार सदस्य घायल हुए हैं। वहीं, भंजाल यूनियन के कंवर मनिन्द्र सिंह मोनू का आरोप है कि मुबारिकपुर स्थित उक्त उद्योग उनके क्षेत्राधिकार में आता है और उनकी यूनियन के लगभग 190 ट्रक इसी उद्योग पर निर्भर हैं। उनके अनुसार अम्ब यूनियन के सदस्य लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं और रविवार को हुई झड़प में उनके भी चार सदस्य घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अम्ब सचिन शर्मा (आईएएस) मौके पर पहुंचे। अम्ब थाना के प्रभारी अनिल उपाध्याय पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस घटना में घायल हुए सभी घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। एसएचओ ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है। दोनों यूनियनों के पदाधिकारियों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक