Edited By Kuldeep, Updated: 28 Aug, 2023 11:06 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बारिश से प्रभावित विभिन्न कस्बों में नुक्सान का जायजा लिया।
भोरंज (रवि): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बारिश से प्रभावित विभिन्न कस्बों में नुक्सान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री हैलीकॉप्टर के माध्यम से करीब 2 घंटे देरी से हैलीपैड कंज्याण में पहुंचे और कंज्याण से ग्राम पंचायत दाड़ी, ग्राम पंचायत बगवाड़ा, बाहन्वी, धमरोल, चंदरुही, नगरोटा गाजियां, बधानी, बजड़ौह व चंबोह इत्यादि कस्बों में जाकर बारिश से हुए नुक्सान का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों का कुशलक्षेम पूछा।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आर्थिक तंगी होने के बावजूद भी प्रदेश सरकार हर पीड़ित परिवार जिनके घर बर्बाद हुए हैं उन लोगों की हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का आभार प्रकट करते हुए कहा कि शांता कुमार ने विपक्ष को भी सरकार का सहयोग करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शांता कुमार ने अपनी पार्टी के लोगों को सलाह दी कि वे सरकार का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बागवाड़ा तक जाने वाली सड़क 2.3 किलोमीटर बर्बाद हो गई है। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बाहन्वी के भवन को भी नुक्सान हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि ये जो आपदा आई है इससे पूरे प्रदेश में 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का नुक्सान हुआ और प्रदेश को केंद्र से आर्थिक सहायता की जरूरत है जिसके लिए हमने केंद्र सरकार से मांग की है। इस अवसर पर भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया सहित डी.सी. हेमराज बैरवा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।