Edited By Kuldeep, Updated: 19 Mar, 2026 07:17 PM

बैजनाथ के चकोल बेहड़ू गांव में एक विवाहित युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 33 वर्षीय रामपाल पुत्र स्वर्गीय दीवाना के रूप में हुई है।
बैजनाथ (सुरिन्द्र): बैजनाथ के चकोल बेहड़ू गांव में एक विवाहित युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 33 वर्षीय रामपाल पुत्र स्वर्गीय दीवाना के रूप में हुई है। पुलिस जानकारी अनुसार युवक ने बुधवार को अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना का पता वीरवार सुबह उस समय चला जब परिजनों ने युवक के कमरे का दरवाजा काफी देर तक न खुलने पर उसे खोला। अंदर जाकर देखा तो युवक फंदे पर लटका हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक घर में अकेला था, जबकि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले ही अपने मायके गई हुई थी।
घटना के बाद परिजनों ने बहू मनीषा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह युवक को परेशान करती थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवक ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बैजनाथ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।