Edited By Vijay, Updated: 03 Nov, 2022 08:54 PM

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर सोलन में आयोजित रोड शो के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने जमकर लूटा है।
सोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर सोलन में आयोजित रोड शो के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने जमकर लूटा है। 5 साल कांग्रेस वाले लूटते रहे और 5 साल भाजपा वाले लूटते रहे हैं। अब ऊपर वाले की कृपा से हिमाचल में एक ईमानदार आम आदमी पार्टी आई है, जिसे दिल्ली वालों ने आजमा कर देखा है। दिल्ली वालों को आम आदमी पार्टी से प्यार हो गया कि वे बार-बार आम आदमी पार्टी को जिता रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस की जीरो सीट आई है और भाजपा की पहली बार 3 सीटें आईं और उसके बाद 8 सीटें ही आईं। दिल्ली वालों को आम आदमी पार्टी पर भरोसा है। केजरीवाल ने कहा कि मैंने दिल्ली वालों से कहा कि अगर काम किया है तो वोट देना, नहीं किया तो मत देना। हिमाचल की जनता आम आदमी पार्टी को एक मौका दे। दोबारा हम वोट नहीं मांगेंगे।
रोड शो में हाथापाई
सोलन में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के रोड शो के दौरान जमकर मारपीट हुई। दरअसल यहां पर पंजाब से ईटीटी के अध्यापक केजरीवाल से इंसाफ मांगने के लिए पहुंचे और इस दौरान उन्होंने रैली के बीच में पैम्फलेट बांटने शुरू किए। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अध्यापकों से रैली के बीच में पैम्फलेट न बांटने को कहा। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। मामला बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और बीच-बचाव की कोशिश की। इसी बीच आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं व ईटीटी अध्यापकों के बीच हाथापाई के दौरान एक व्यक्ति के कपड़े तक फट गए। इसके बाद तुरंत ही पुलिस ने अध्यापकों को शहर पुलिस चौकी पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here