Edited By Swati Sharma, Updated: 01 Mar, 2026 11:39 AM

Kullu Road Accident: जिला कुल्लू में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को ताउम्र न भरने वाला जख्म दे दिया है। पतलीकुहल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जाणा के समीप एक बोलेरो कैंपर (HP-34E-1427) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।...
Kullu Road Accident: जिला कुल्लू में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को ताउम्र न भरने वाला जख्म दे दिया है। पतलीकुहल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जाणा के समीप एक बोलेरो कैंपर (HP-34E-1427) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में वाहन सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
गांव में पसरा मातम
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अविनाश (20) पुत्र भगवान दास और सोनम कुमार (23) पुत्र भूमि प्रकाश के रूप में हुई है। दोनों युवक कुल्लू जिले के बंजार तहसील के सोर गांव के रहने वाले थे। इस घटना की सूचना जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा देर रात हुआ, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अंधेरे के कारण स्थानीय लोगों को राहत कार्य शुरू करने में मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां फिलहाल वे उपचाराधीन हैं और चिकित्सकों की देखरेख में हैं।
पुलिस जांच जारी
घटना की पुष्टि करते हुए कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस तफ्तीश कर रही है। पुलिस नियमानुसार शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घुमावदार पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का विशेष ध्यान रखें।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें