Edited By Vijay, Updated: 28 Apr, 2024 11:33 PM
चंडी मंदिर पालमपुर में चोरी प्रकरण में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने इस प्रकरण में एक महिला को गिरफ्तार किया है, वहीं चोरी के अधिकांश आभूषण पुलिस ने महिला से रिकवर कर लिए हैं। गिरफ्तार की गई महिला मंडी जिले की रहने वाली है और पुलिस को इस...
पालमपुर (भृगु): चंडी मंदिर पालमपुर में चोरी प्रकरण में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने इस प्रकरण में एक महिला को गिरफ्तार किया है, वहीं चोरी के अधिकांश आभूषण पुलिस ने महिला से रिकवर कर लिए हैं। गिरफ्तार की गई महिला मंडी जिले की रहने वाली है और पुलिस को इस घटना में शामिल एक अन्य महिला की तलाश है। पुलिस के अनुसार इन 2 महिलाओं ने चोरी की घटना का षड्यंत्र रचा और इसके लिए एक नाबालिगा को मंदिर में भेजा, जिसने माता के विग्रह से स्वर्ण आभूषणों के अतिरिक्त दान पात्र से भी नकदी को चुराया। इसके पश्चात ये सभी लोग वहां से निकल भागे तथा लगभग 200 मीटर की दूरी पर उन्होंने बस पकड़ ली। घटना के पश्चात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में ये लोग देखे गए थे। वहीं जहां उन्होंने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बस ली, वहां भी एक भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में ये बस में चढ़ते हुए देखे गए थे। इसके पश्चात पुलिस ने बस चालक व परिचालक से इनके बारे में जानकारी प्राप्त की थी। इस लीड के आधार पर ही पुलिस ने मंडी जिले के पधर क्षेत्र से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में संलिप्त नाबालिगा की पहचान भी कर ली है। बताया जा रहा है कि घटना में संलिप्त दूसरी महिला की पहचान कर ली गई है तथा उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बस अड्डा पालमपुर के साथ चंडी मंदिर में चोरी की घटना में चोरों ने लगभग 4 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषण चुरा लिए थे। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मंडी जिले के पधर क्षेत्र से आरोपी रीता देवी को गिरफ्तार किया है। एक अन्य महिला की तलाश की जा रही है तथा उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार महिला से अधिकांश स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here