Edited By Vijay, Updated: 03 Jul, 2018 10:09 PM
प्रदेश में बीते 2 दिनों से हो रही भारी बारिश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सभी फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अब मानसून सीजन खत्म होने के बाद ही पी.डब्ल्यू.डी. का फील्ड स्टाफ छुट्टियां ले पाएगा।
शिमला: प्रदेश में बीते 2 दिनों से हो रही भारी बारिश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सभी फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अब मानसून सीजन खत्म होने के बाद ही पी.डब्ल्यू.डी. का फील्ड स्टाफ छुट्टियां ले पाएगा। इसे लेकर विभाग के प्रमुख अभियंता आर.पी. वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। किसी भी कर्मचारी को बहुत ज्यादा जरूरी काम पडऩे की सूरत में ही अवकाश मिलेगा। उधर, पी.डब्ल्यू.डी. की अतिरिक्त मुख्य सचिव मनीषा नंदा ने भी विभाग को मानसून सीजन के दौरान खासकर नैशनल हाईवे तथा स्टेट हाईवे को हर वक्त वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल रखने के निर्देश दिए हैं ताकि दूध, ब्रैड, पनीर, दही व मक्खन जैसी खाद्य सामग्री की सप्लाई बाधित न हो। उन्होंने नैशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एन.एच.ए.आई.) को भी इन निर्देशों का पालन करने को कहा है।
सरकार ने सैलानियों को भी जारी की एडवाइजरी
प्रदेश में एन.एच.ए.आई. विभिन्न फोरलेन प्रोजैक्ट का निर्माण कर रहा है, ऐसे में एन.एच.ए.आई. को निर्माण के दौरान सड़क को बहाल रखना होगा ताकि स्थानीय जनता समेत प्रदेश में आने वाले सैलानियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। प्रदेश में हो रही भारी बारिश को देखते हुए सरकार ने सैलानियों को भी एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सैलानियों को शाम के समय रहते वापस होटलों में लौटने को कहा गया है। चूंकि पहाड़़ी राज्य होने के कारण प्रदेश में पेड़ गिरने, भू-स्खलन होने तथा नदी-नालों में तेज बहाव के कारण हर वक्त हादसा होने का भय बना रहता है।
बारिश के कारण 93 से ज्यादा सड़कें बंद
सूचना के मुताबिक बीते 2 दिनों से हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 93 से ज्यादा सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। शिमला, कुल्लू और चम्बा जिला में ज्यादा सड़कें बंद बताई जा रही हैं। बंद पड़ी ज्यादातर सड़कें ग्रामीण इलाकों की हैं। सड़कें बंद होने के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पी.डब्ल्यू.डी. महकमा जल्द ही सभी सड़कों को बहाल करने के दावे कर रहा है।
फील्ड में मशीनरी और लेबर तैनात करने के आदेश
पी.डब्ल्यू.डी. के ई.एन.सी. आर.पी. वर्मा ने बताया कि पी.डब्ल्यू.डी. के सभी फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। विभाग ने पर्याप्त मात्रा में फील्ड में मशीनरी और लेबर तैनात करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दे दिए हैं। अधिकारियों को सभी सड़कें हर वक्त यातायात के लिए बहाल रखने को कहा गया है।