Edited By prashant sharma, Updated: 12 Sep, 2020 11:55 AM

पालमपुर सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बजाज ने पालमपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सब्जी मंडी की कुछ समस्याएं हैं जिन पर सरकारी विभाग के असहयोग के चलते यहां के सब्जी आढ़तियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पालमपुर (सुरेश) : पालमपुर सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बजाज ने पालमपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सब्जी मंडी की कुछ समस्याएं हैं जिन पर सरकारी विभाग के असहयोग के चलते यहां के सब्जी आढ़तियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अपने पदाधिकारियों सहित मौजूद सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बजाज ने बताया कि विभाग द्वारा मॉर्डन सब्जी मंडी बनाने के लिए पार्किंग की जगह पर जो बाथरूम, टायलेट, अस्थाई लेबर शैड इत्यादि बनाए जा रहे हैं उनसे पार्किंग की समस्या हो जाएगी। बजाज ने कहा कि पार्किंग की जगह पर जो भी निर्माण होगा उसके लिए सब्जी मंडी के व्यापारियों के साथ चर्चा होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि जो लेबर के रहने के लिए जो शैड बन रहे है उन्हें बाद में तोड़ दिया जाएगा जो कि सरकार के पैसे का पूरा दुरुपयोग होगा।
नए बाथरूम और टॉयलेट पर होने वाले लाखों रुपए भी सरकार के पैसे की बर्बादी होगी, जबकि यहां पर बाथरूम, टॉयलेट पहले से ही बने हुए हैं उनकी मरम्मत हो सकती है, जिस विषय पर सचिव मार्किटिंग कमेटी कांगड़ा को पहले भी अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी में एक धर्मकांटा लगा हुआ है जो पुरी तरह कबाड़ हो चुका है और आज तक इस का प्रयोग न हो सका जो कि पार्किंग के बीचों बीच बना हुआ है। जो कि पार्किंग को कम करने का काम कर रहा है। सब्जी मंडी परिसर में जब से सब्जी मंडी बनी है यहां पर एक बड़ा कृषक भवन बनाया गया है, लेकिन सरकारी उदासीनता के चलते इसके अंदर आज तक फर्नीचर ही नहीं लगाया जा सका। इस भवन में आज तक कोई भी किसान नहीं ठहरा है तथा यह भवन अब खंडहर में तब्दील हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी की बुनियाद ऑक्शन प्लेटफार्म होते हैं जो कि हमें बिलकुल छोटे-छोटे दिए गए हैं, जिससे जो गाडिय़ों सब्जी लेकर आती है वह सारी सब्जियां प्लेटफार्म में नहीं आती जिस कारण आढ़ती को अन्य सामान मजबूरन पार्किंग स्थल पर रखना पड़ता है, जिस कारण गाडियों को खड़ी करने की जगह भी नहीं बचती। इस बारे हमने बार-बार मार्किटिंग कमेटी कांगड़ा को भी सूचित किया और एक लिखित प्रस्ताव जिलाधीश कांगड़ा को भी दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी के अंदर 12 रिटेल काउंटर बनाए गए थे जहां 1-2 को छोड़कर किसी की भी नीलामी न हो पाई जिन्हें अब बदल कर रिटेल काउंटर से होलसेल काउंटर किया जा रहा है जिनके खुलने से सब्जी मंडी में चलने फिरने के लिए बिल्कुल जगह नहीं बचेगी। आढ़तियों ने इस का विरोध किया लेकिन विभाग ने इसको अनुसुना करते हुए इनकी नीलामी रख दी थी, लेकिन कोरोना की वजह से इसे स्थगित किया गया है। विभाग द्वारा हमारी समस्या न सुने जाने पर हमने नीलामी को रोकने के लिए न्यायलय का दरवाजा खडख़ड़ाया गया है। अब विभाग के अधिकारी हमें प्रताड़ित करने के लिए उलटे सीधे फरमान जारी कर रहे हैं जिसकी सूचना हमने जिलाधीश महोदय को भी दी है। आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बजाज ने कहा है कि अगर बिना चर्चा कोई भी यहां पर कार्य किया तो आढ़ती एसोसिएशन आंदोलन करने पर विवश होगी।