बिलासपुर में राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का आगाज, मंत्री राजेश धर्माणी ने खूंटा गाड़कर और बैल पूजन के साथ किया शुभारंभ

Edited By Vijay, Updated: 17 Mar, 2026 04:11 PM

state level nalwari fair begins in bilaspur

अंग्रेजों के शासनकाल में बैलों की खरीद-फरोख्त के लिए शुरू हुआ बिलासपुर का ऐतिहासिक और राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया।

बिलासपुर (विशाल): अंग्रेजों के शासनकाल में बैलों की खरीद-फरोख्त के लिए शुरू हुआ बिलासपुर का ऐतिहासिक और राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया। गोविंद सागर झील के किनारे स्थित लुहणू मैदान में आयोजित इस मेले ने अपने 138वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए इस भव्य मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यातिथि ने लुहणू मैदान में पारंपरिक रूप से खूंटा गाड़कर और बैलों की जोड़ी की पूजा-अर्चना कर मेले का आगाज किया। इससे पहले, डियारा सेक्टर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में विधिवत पूजा की गई। मुख्यातिथि सहित सैंकड़ों लोगों ने भगवान लक्ष्मीनारायण और शिव के वाहन नंदी के समक्ष शीश नवाकर मेले के सफल आयोजन का आशीर्वाद मांगा।

PunjabKesari

भव्य शोभायात्रा ने बढ़ाई मेले की रौनक
पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल-नगाड़ों और होमगार्ड बैंड की मधुर धुनों के बीच मंदिर से मेला स्थल लुहणू मैदान तक एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। सिर पर पारंपरिक पगड़ियां बांधे सैंकड़ों लोगों ने इस पैदल शोभायात्रा में हिस्सा लिया। मेला स्थल पर मंत्री राजेश धर्माणी ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का रिबन काटकर उद्घाटन भी किया।

PunjabKesari

गतका और पारंपरिक गिद्दे ने मोहा मन
इस बार शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बल्ह-मंडी की बाबा जीत सिंह गतका पार्टी रही, जिसके कलाकारों ने हैरतअंगेज गतका का प्रदर्शन कर यात्रा की शोभा बढ़ाई। वहीं, शुभारंभ समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। महालक्ष्मी सांस्कृतिक कला मंच (बैहरन-झंडूता) ने शानदार बिलासपुरी गिद्दा और शुभम कला मंच ने हमीरपुरी गिद्दा की बेहतरीन प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

PunjabKesari

मेले हमारी प्राचीन संस्कृति और सभ्यता के परिचायक : डीसी
बिलासपुर के उपायुक्त एवं मेला समिति के अध्यक्ष राहुल कुमार ने मुख्यातिथि मंत्री राजेश धर्माणी को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अपने स्वागत संबोधन में डीसी राहुल कुमार ने कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति और सभ्यता के परिचायक हैं। उन्होंने पुरानी परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ समय के साथ संस्कृति में आई कुरीतियों को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नलवाड़ी मेले को और अधिक लोकप्रिय व रोचक बनाने के लिए इस बार पुरानी परंपराओं के साथ कुछ नई चीजों का समावेश भी किया गया है।

शुभारंभ अवसर पर ये गण्यमान्य रहे मौजूद
मेले के शुभारंभ अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, झंडूता कांग्रेस नेता विवेक कुमार, जिला कांग्रेस अध्यक्षा अंजना धीमान, एडीसी ओमकांत ठाकुर, एसपी बिलासपुर संदीप धवल, मेला अधिकारी व एसडीएम सदर राजदीप सिंह, तहसीलदार सदर बबीता धीमान, जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल, जिला मार्कीटिंग कमेटी के प्रधान सतपाल व विनोद चंदेल, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा, पूर्व पार्षद राजेंद्र पाल व संतराम संधू, नगर परिषद घुमारवीं के पूर्व उपाध्यक्ष श्याम शर्मा और युवा कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान आशीष ठाकुर सहित कई अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!