Edited By Vijay, Updated: 10 Apr, 2024 10:19 PM
मौसम के करवट बदलते ही रोहतांग व मनाली की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। रोहतांग सहित मनाली की अन्य चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ।
मनाली (सोनू): मौसम के करवट बदलते ही रोहतांग व मनाली की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। रोहतांग सहित मनाली की अन्य चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। लाहौल की ओर बारालाचा, शिंकुला, कुंजुम, लेडी ऑफ केलांग, बड़ा व छोटा शीघ्री ग्लेशियर, चंद्रभागा रेज सहित समस्त ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। बर्फ से ढकी अटल टनल रोहतांग सैलानियों की पहली पसंद बन गई है। सैलानियों ने बुधवार को टनल के साऊथ पोर्टल में बर्फ के फाहों का लुत्फ उठाया। वहीं मनाली में दोपहर बाद बारिश हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया है। बीते कुछ दिनों से लाहौल में मौसम सुहावना चल रहा था कि एकाएक दोपहर बाद आकाश में बादल छाए और बारिश का क्रम शुरू हो गया।
बर्फ पड़ने से बीआरओ का काम भी प्रभावित हुआ। इन दिनों बर्फ से लकदक अटल टनल सैलानियों की पहली पसंद बन गई है। चारों ओर बिछी बर्फ की मोटी परत सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने कहा कि अटल टनल रोहतांग में सैलानी बर्फ का दीदार कर रहे हैं। अटल टनल रोहतांग में पर्यटकों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी। बर्फबारी शुरू होने की सूरत में पर्यटकों को सोलंगनाला से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया है कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here