Edited By Vijay, Updated: 21 Mar, 2026 06:52 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) की टीम ने.....
चम्बा (काकू): हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) की टीम ने चम्बा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर नंदगांव के समीप एक व्यक्ति को 526 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चम्बा सदर थाना में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम इंस्पैक्टर गगनदीप की अगुवाई में चम्बा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान जब टीम नंदगांव के समीप पहुंची तो वहां मौजूद एक व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने जब उक्त व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 526 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान गुलाम मोहम्मद, निवासी गांव बैड़ी, डाकघर पल्यूर, तहसील एवं जिला चम्बा के रूप में बताई है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी गुलाम मोहम्मद को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि जिला चम्बा में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जोरों पर है। बीते 4 महीनों में एसआईयू की टीम ने चिट्टे और चरस की अवैध रूप से तस्करी एवं बिक्री करने वाले कई बड़े सौदागरों पर नकेल कसी है। नशा माफिया के खिलाफ की जा रही इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों में इंस्पैक्टर गगनदीप की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चरस के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे धकेल दिया गया है। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में नशे की तस्करी एवं बिक्री करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस का यह कड़ा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here