Edited By Vijay, Updated: 23 May, 2025 04:49 PM

सिरमौर की कृतिका शर्मा ने महज 19 वर्ष की उम्र में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माऊंट एवरेस्ट चोटी को फतह कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।
नाहन (आशु): सिरमौर की कृतिका शर्मा ने महज 19 वर्ष की उम्र में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माऊंट एवरैस्ट चोटी को फतह कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा होने के साथ कृतिका एनसीसी कैडेट भी है। बता दें कि कृतिका की इस यात्रा की शुरूआत 4 अगस्त 2024 को हुई, जब उन्हें तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संजय शांडिल ने माऊंट एवरेस्ट अभियान के लिए चयनित किया। कृतिका की प्रतिभा को पहचानते हुए उसे कठोर और विशिष्ट प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसमें कई ट्रायल कैंप, एक बेसिक माऊंटेनियरिंग कोर्स और एक एडवांस माऊंटेनियरिंग अभियान शामिल थे।
इस प्रशिक्षण ने कृतिका को इस चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार किया। इस पूरे अभियान के दौरान कर्नल संजय शांडिल ने हर चरण पर कृतिका को प्रोत्साहित किया और उसके आत्मविश्वास को बढ़ाया। कृतिका बटालियन की दूसरी कैडेट बनीं हैं, जिन्होंने एवरेस्ट को फतह किया है। इससे पहले कैडेट बलजीत कौर ने यह गौरव प्राप्त किया था। कैडेट कृतिका की यह उपलब्धि आज के युवाओं को नशे और सोशल मीडिया की लत से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को पर्वतारोहण एवं खेलों जैसी चुनौतीपूर्ण और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित करती है।
कर्नल संजय शांडिल ने कैडेट कृतिका और उनकी एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लैफ्टिनैंट पूजा भट्टी को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनके प्रयासों से एक बार फिर एचपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन का परचम वैश्विक मंच पर लहराया है। पांवटा साहिब डिग्री कॉलेज के प्रिंसीपल जगदीश चौहान ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि कॉलेज की छात्रा कृतिका ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने छात्रा के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here