Edited By Kuldeep, Updated: 23 Apr, 2026 08:48 PM

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता के पुत्र के विवाह समारोह के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद शिमला पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
शिमला (ब्यूरो): राज्यपाल कविंद्र गुप्ता के पुत्र के विवाह समारोह के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद शिमला पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन यूटिलिटी डक्ट के ऊपर तारकोल बिछाने का कार्य शिमला क्लब तक 10 मई और लिफ्ट तक 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में छोटा शिमला से विलीज पार्क तक 7 किलोमीटर लंबे यूटिलिटी डक्ट के निर्माण पर 145 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने विभाग को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिमला राजधानी के साथ एक प्रमुख पर्यटन स्थल भी है, जहां हर वर्ष लाखों सैलानी आते हैं। उन्होंने कहा कि शहर को पेड़ों पर लटके तारों के जाल से मुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। शिमला को पहाड़ों की रानी कहा जाता है और इसकी सुंदरता को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। यह यूटिलिटी डक्ट छोटा शिमला से विलीज पार्क, सचिवालय होते हुए लोक भवन से ओकओवर तक तथा शेर-ए-पंजाब से लोअर बाजार होते हुए सीटीओ और विलीज पार्क तक विस्तारित होगा।
इन डक्ट्स में बिजली, पानी की पाइपलाइन और अन्य केबल्स को भूमिगत किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता में सुधार होगा। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर और आशीष सिंहमार तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इसके अलावा वित्त विभाग के अधिकारियों से भी प्रदेश के वित्तीय हालात को लेकर चर्चा की।