Edited By Swati Sharma, Updated: 12 Feb, 2026 02:40 PM

Bilaspur News: जिला बिलासपुर के घाघस चौक पर हाल ही में स्थापित की गई हाई मास्क लाइट ने विकास के उजाले के साथ-साथ राजनीति की गर्मी भी बढ़ा दी है। विकास कार्यों का श्रेय लेने की होड़ में कांग्रेस समर्थित दो नेता एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं।...
Bilaspur News: जिला बिलासपुर के घाघस चौक पर हाल ही में स्थापित की गई हाई मास्क लाइट ने विकास के उजाले के साथ-साथ राजनीति की गर्मी भी बढ़ा दी है। विकास कार्यों का श्रेय लेने की होड़ में कांग्रेस समर्थित दो नेता एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर सीधा हमला बोलते हुए उन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
"विधायक रहते याद नहीं आई जनता की समस्या"
जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा ने कड़े शब्दों में कहा कि जब बंबर ठाकुर विधायक के पद पर आसीन थे, तब उन्हें घाघस चौक की समस्याओं और अंधेरे की याद नहीं आई। अब जब जिला परिषद निधि से यहां हाई मास्क लाइट लगवा दी गई है, तो पूर्व विधायक इसका श्रेय लूटने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह कार्य पूरी तरह से उनके कोटे (जिला परिषद निधि) से हुआ है, जिसका लाभ स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को मिल रहा है। गौरव शर्मा यहीं नहीं रुके, उन्होंने पूर्व विधायक पर विकास के नाम पर ठेकेदारी की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने बिना नाम लिए पुराने विवादों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जनता को भली-भांति पता है कि ठेकेदारी के वर्चस्व को लेकर किन नेताओं के बीच गोलियां तक चली थीं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता के हित में होने चाहिए न कि निजी ठेकेदारी के लाभ के लिए।
गौरव शर्मा ने दी ये चेतावनी
गौरव शर्मा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और विकास कार्यों के नाम पर की जा रही ओछी राजनीति को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। घाघस चौक की जनता जानती है कि धरातल पर काम किसने किया है और कौन केवल कागजी श्रेय लेने की कोशिश कर रहा है।