Edited By Rajneesh Himalian, Updated: 03 Feb, 2021 11:44 AM

कांगड़ा जिला के प्रमुख शक्तिपीठों ज्वालामुखी, चामुंडा तथा कांगड़ा मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
धर्मशाला (ब्यूरो): कांगड़ा जिला के प्रमुख शक्तिपीठों ज्वालामुखी, चामुंडा तथा कांगड़ा मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके लिए संबंधित उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। डीसी कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। डीसी ने कहा कि कांगड़ा के प्रमुख शक्तिपीठों के सौन्दर्यकरण के लिए भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मंदिरों में देश तथा दुनिया से प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु माथा टेकने के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उचित कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसरों में स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके अतिरिक्त मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक चौबंद किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला के शक्तिपीठों से आरती के सीधे प्रसारण को लेकर प्लान किया जा रहा है। इस बाबत सीधे प्रसारण को लेकर निविदाएं आमंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। इससे पहले ए.डी.एम. रोहित राठौर ने कांगड़ा जिला के शक्तिपीठों से लाईव आरती का प्रसारण करने बारे तैयार की गई रूपरेखा की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए। इस अवसर एसडीएम ज्वालामुखी अंकुश दत्त तथा शक्तिपीठों के मंदिर अधिकारी भी उपस्थित थे।