Edited By Kuldeep, Updated: 17 Feb, 2025 02:03 PM

जिला सिरमौर में मामूली विवाद के बीच पति-पत्नी ने एक व्यक्ति की ऐसी बेरहमी से पिटाई कर दी कि कई दिनों तक चले उपचार के बाद अब पीड़ित ने दम तोड़ दिया।
पांवटा साहिब (संजय): जिला सिरमौर में मामूली विवाद के बीच पति-पत्नी ने एक व्यक्ति की ऐसी बेरहमी से पिटाई कर दी कि कई दिनों तक चले उपचार के बाद अब पीड़ित ने दम तोड़ दिया। लिहाजा पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा को शामिल कर आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पांवटा साहिब पुलिस थाना से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 23 जनवरी, 2025 को कलावती पत्नी भूरा राम निवासी गांव खारा, डाकघर जामनीवाला, तहसील पांवटा साहिब ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 22 जनवरी को वह अपनी पशुशाला में मौजूद थी। इसी बीच वहां उसके जेठ का लड़का सोमचंद और उसकी पत्नी नेहा आई और दोनों उसके साथ बहसबाजी करने लग गए, साथ ही कहने लगे कि तुमने हमारी मेंढ़ तोड़ दी है। कुछ देर बाद कलावती का पति भूरा राम भी वहां पहुंच गया।
शिकायकर्त्ता ने पुलिस को बताया कि इस दौरान सोमचंद और उसकी पत्नी नेहा ने उसके पति के साथ मारपीट की। मारपीट में घायल भूरा राम को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसका मैडीकल करवाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे पांवटा साहिब से नाहन रैफर कर दिया। यहां से भी भूरा राम को पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया था। पीजीआई से डिस्चार्ज होने के बाद पीड़ित भूरा राम घर पर ही था, लेकिन 15 फरवरी को भूरा राम की मौत हो गई। लिहाजा मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में बी.एन.एस. की धारा 103 को भी शामिल कर लिया है। डी.एस.पी. पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी सोमचंद (34) पुत्र प्रेम चंद निवासी गांव खारा, डाकघर जामनीवाला, तहसील पांवटा साहिब और नेहा (28) पत्नी सोमदत्त को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में तफ्तीश जारी है।